उत्तराखंड

उत्तराखंड में चली विकास की बयार, सीएम धामी ने छह बांध और बैराज की सुरक्षा के लिए दिए 805 करोड़

CM UTTARAKHAND

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों के लिए 805 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

इसमें सड़क निर्माण एवं सुधार, धार्मिक स्थलों का सुंदरीकरण, बांधों व बैराजों की सुरक्षा, सीवर लाइनों के प्रतिस्थापन, पेयजल व्यवस्था, बहुउद्देश्यीय भवनों के निर्माण और शहरी स्थानीय निकायों को अनुदान की धनराशि शामिल है।

मुख्यमंत्री ने यूजेवीएनएल के छह बांधों व बैराजों की सुरक्षा और सुदृढ़ीकरण के लिए विश्व बैंक पोषित परियोजना के अंतर्गत 398.30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। अल्मोड़ा के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यों के लिए 1.72 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

इन कामों के लिए भी बजट
चंपावत के दुधौरी में भगवती मेला स्थल के सुंदरीकरण के लिए 58.67 लाख और क्वारसिंह (अमोड़ी) में भगवती दुर्गा मंदिर के विकास के लिए 47.85 लाख रुपये दिए जाएंगे। पिथौरागढ़ के डीडीहाट में किरौली स्कूल से जैतबुगा तक सीसी मार्ग निर्माण के लिए 74.44 लाख तथा उत्तरकाशी के हर्षिल में 23 भवनों के बाहरी स्वरूप के सुंदरीकरण के प्रथम चरण के लिए 4.92 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

अल्मोड़ा के चलनीछीना स्थित घटिका मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 99.39 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। हरिद्वार में क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों के प्रतिस्थापन के लिए भूपतवाला में 7.65 करोड़ और कनखल में 6.24 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

शहरी निकायों को मिलेंगे 328.28 करोड़
छठे राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों की प्रत्याशा में पांचवें राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के आधार पर प्रदेश के सभी शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर से दिसंबर) की किस्त के रूप में 328.28 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button