पंजाब

पाकिस्तान में विपक्ष का प्रदर्शन, 2024 चुनाव में धांधली के आरोपों को लेकर कई प्रांतों में बंद का असर

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में 8 फरवरी 2024 के आम चुनाव की दूसरी वर्षगांठ पर विपक्षी दलों ने देशभर में विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी गठबंधन तहरीक-ए-तहफ्फुज़-ए-आइन पाकिस्तान (TTAP) ने चुनाव में कथित धांधली के विरोध में बंद और चक्का जाम का आह्वान किया।

इस विरोध का सबसे अधिक असर बलूचिस्तान में देखने को मिला, जहां कई इलाकों में बाजार बंद रहे और जनजीवन आंशिक रूप से प्रभावित हुआ। वहीं खैबर पख्तूनख्वा, पंजाब और सिंध प्रांतों में बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला।

इस गठबंधन में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) भी शामिल है। इमरान खान पहले भी 8 फरवरी 2024 के आम चुनाव में धांधली के आरोप लगाते रहे हैं। उनका आरोप है कि चुनाव परिणामों में हेरफेर कर उनकी पार्टी को सत्ता से दूर रखा गया और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) तथा पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) को फायदा पहुंचाया गया।

विपक्षी दलों ने एक बार फिर चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का मुद्दा उठाया। हालांकि सरकार और चुनाव आयोग पहले भी चुनाव में धांधली के आरोपों को खारिज कर चुके हैं।

Related Articles

Back to top button