हरियाणा

अनिल विज ने डॉ. वी. राजा शेखर वुंड्रू को किया सम्मानित


हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने सेवानिवृत्त अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) डॉ. वी. राजा शेखर वुंड्रू को उनके लंबे, सफल और उत्कृष्ट प्रशासनिक योगदान के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. वुंड्रू को दो शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया और उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

अनिल विज ने कहा कि डॉ. वी. राजा शेखर वुंड्रू ने अपने प्रशासनिक जीवन में जिस भी विभाग की जिम्मेदारी संभाली, वहां ईमानदारी, पारदर्शिता और प्रभावी नेतृत्व का परिचय दिया। उन्होंने हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया तथा प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सक्षम और जनहितैषी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि डॉ. वुंड्रू की कार्यशैली हमेशा परिणाम आधारित रही। वे प्रशासन में तकनीक के उपयोग, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने के पक्षधर रहे। उनका मानना था कि किसी भी सरकारी योजना की वास्तविक सफलता तभी मानी जाएगी, जब उसका लाभ समय पर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

अपने लंबे प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान डॉ. वुंड्रू ने परिवहन, श्रम, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, कौशल विकास और सामाजिक कल्याण जैसे कई महत्वपूर्ण विभागों में कार्य किया। इन विभागों में उन्होंने कई सुधारात्मक पहल कीं, जिनका उद्देश्य सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और नागरिकों के लिए आसान बनाना था। प्रशासनिक जिम्मेदारियों के अलावा डॉ. वी. राजा शेखर वुंड्रू ने साहित्य और लेखन के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने शासन, लोकतंत्र, नेतृत्व, सामाजिक न्याय और सुशासन जैसे विषयों पर कई पुस्तकें और लेख लिखे, जिनमें उनके प्रशासनिक अनुभव और सामाजिक दृष्टिकोण की स्पष्ट झलक दिखाई देती है।

अनिल विज ने कहा कि डॉ. वुंड्रू का पूरा प्रशासनिक जीवन अनुशासन, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि राज्य प्रशासन में उनका योगदान लंबे समय तक याद रखा जाएगा और उनकी कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के प्रशासनिक अधिकारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। समारोह में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई और शुभकामनाएं दीं।




Related Articles

Back to top button