मजदूर दिवस पर पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र, श्रमिकों को समर्पित होगा ऐतिहासिक दिन: मान सरकार

पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने श्रमिक कल्याण, बाढ़ सुरक्षा, टैक्स चोरी पर कार्रवाई, शहरी विकास और पेयजल परियोजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसलों और योजनाओं की घोषणा की है।
1 मई को विधानसभा का विशेष सत्र
श्रम मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद ने बताया कि 1 मई (मजदूर दिवस) पर पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। उन्होंने इसे राज्य के श्रमिकों को समर्पित एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार निर्माण श्रमिकों के लिए छात्रवृत्ति, शादी अनुदान, पेंशन, मातृत्व सहायता, चिकित्सा सहायता, कौशल विकास, प्राकृतिक आपदा सहायता और ₹5 लाख तक स्वास्थ्य बीमा जैसी कई योजनाएं चला रही है। सरकार के कार्यकाल में 1.70 लाख से अधिक निर्माण श्रमिकों को ₹316 करोड़ से अधिक की सहायता दी गई है। वहीं पंजाब लेबर वेलफेयर बोर्ड के माध्यम से 21,243 लाभार्थियों को ₹51.49 करोड़ की सहायता प्रदान की गई है।
बाढ़ सुरक्षा पर ₹600 करोड़ खर्च करेगी सरकार
जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बताया कि मानसून से पहले पूरे पंजाब में ₹600 करोड़ की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के 132 संवेदनशील स्थानों की पहचान कर उन्हें मजबूत किया जा रहा है और 30 जून तक सभी बाढ़ सुरक्षा कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
GST चोरी पर बड़ा एक्शन
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि टैक्स चोरी रोकने के लिए मंडी गोबिंदगढ़ और खन्ना समेत कई इलाकों में बड़ी कार्रवाई की गई।
-
200 से अधिक वाहनों को रोका गया
-
1600 मीट्रिक टन से ज्यादा माल की जांच
-
करीब ₹5 करोड़ मूल्य का सामान जब्त
-
₹3 करोड़ से अधिक जुर्माने की संभावना
सरकार ने साफ किया कि फर्जी बिलिंग और बिना दस्तावेज माल ले जाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
मानसून से पहले सीवर सफाई के निर्देश
स्थानीय निकाय मंत्री संजीव अरोड़ा ने सभी नगर निगमों और अधिकारियों को मानसून से पहले सीवरों की सफाई और डी-सिल्टिंग समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इससे जलभराव, सीवर ओवरफ्लो, सड़क क्षति और डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों को रोकने में मदद मिलेगी। सभी अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति रिपोर्ट भी मांगी गई है।
मलोट को मिलेगा स्वच्छ पेयजल
कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने ₹12 करोड़ की लागत से 8.5 किलोमीटर लंबी नई पाइपलाइन परियोजना का शुभारंभ किया।यह पाइपलाइन सरहिंद फीडर नहर से मलोट वाटर वर्क्स तक बिछाई जाएगी, जिससे शहर में वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा। उन्होंने बताया कि मलोट में पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए कुल ₹25 करोड़ की परियोजनाओं पर काम चल रहा है और अगले एक वर्ष के भीतर लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
सैनिक स्कूल कपूरथला के जीर्णोद्धार को मंजूरी
रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने ऐतिहासिक सैनिक स्कूल कपूरथला के भवन के पुनर्निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से विस्तृत योजना तैयार करने और स्पष्ट किया कि इस परियोजना के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। साथ ही देरी करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।




