मजीठा से तलबीर सिंह गिल पर AAP का बड़ा दांव, सीएम भगवंत मान ने दिए चुनावी संकेत

पंजाब की राजनीति में विधानसभा चुनावों को लेकर हलचल तेज हो गई है। सभी राजनीतिक दल चुनावी रणनीति बनाने में जुटे हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमृतसर के मजीठा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ऐसा बयान दिया, जिससे आम आदमी पार्टी (AAP) के संभावित उम्मीदवार को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद माना जा रहा है कि तलबीर सिंह गिल आगामी विधानसभा चुनाव में मजीठा सीट से पार्टी के उम्मीदवार हो सकते हैं।
हालांकि आम आदमी पार्टी की ओर से अभी उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान के बयान को पार्टी का स्पष्ट राजनीतिक संकेत माना जा रहा है। इससे पहले जुलाई 2025 में पार्टी ने तलबीर सिंह गिल को हलका मजीठा का इंचार्ज नियुक्त किया था, जिसके बाद से वे लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं।
तलबीर सिंह गिल का राजनीतिक सफर भी काफी चर्चित रहा है। वह पहले शिरोमणि अकाली दल से जुड़े रहे और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के करीबी नेताओं में गिने जाते थे। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने अमृतसर दक्षिण सीट से चुनाव भी लड़ा था। बाद में उन्होंने 4 मार्च 2024 को मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया।
पार्टी में शामिल होने के बाद से तलबीर सिंह गिल लगातार मजीठा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और लोगों के बीच अपनी पकड़ बढ़ाने में जुटे हुए हैं। हाल ही में हुए जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में आम आदमी पार्टी को मजीठा क्षेत्र में अच्छी सफलता मिली, जिससे कार्यकर्ताओं का उत्साह भी बढ़ा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि पार्टी आधिकारिक रूप से तलबीर सिंह गिल को उम्मीदवार घोषित करती है, तो मजीठा विधानसभा सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प हो सकता है। फिलहाल सभी की नजर आम आदमी पार्टी की आधिकारिक उम्मीदवारों की सूची पर टिकी हुई है।



