उत्तराखंड

उत्तराखंड सरकार ने IFS अधिकारियों के तबादले किए, नई तैनाती के आदेश जारी

देहरादून:-  उत्तराखंड सरकार ने लंबे इंतजार के बाद भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारियों के तबादलों की सूची जारी कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंजूरी के बाद जारी आदेश के तहत वन मुख्यालय से लेकर फील्ड स्तर तक कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में PCCF, APCCF, CCF, CF और DFO स्तर के अधिकारियों को नई तैनाती और अतिरिक्त प्रभार सौंपे गए हैं।

वन मुख्यालय में बड़े स्तर पर बदलाव

तबादला सूची के अनुसार, प्रमुख वन संरक्षक (HoFF) कपिल लाल से CAMPA का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। अब यह जिम्मेदारी अपर प्रमुख वन संरक्षक बीके गांगटे को सौंपी गई है। उन्हें वन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण का अतिरिक्त दायित्व भी दिया गया है। वहीं प्रधान मुख्य वन संरक्षक नीना ग्रेवाल को मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक तथा वन विकास निगम की प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा सुरेंद्र मेहरा को नियोजन, सतर्कता और विधि प्रकोष्ठ की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।

CCF और CF स्तर पर भी बदलाव

मुख्य वन संरक्षक पराग मधुकर से वन पंचायत का अतिरिक्त प्रभार वापस लेकर यह जिम्मेदारी सुशांत कुमार पटनायक को दी गई है। वन संरक्षक (CF) स्तर पर चंद्रशेखर सनवाल को नोडल कार्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नीतू लक्ष्मी को यमुना वृत्त से हटाकर नई जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कल्याणी की एक बार फिर यमुना वृत्त में तैनाती की गई है।

DFO स्तर पर सबसे ज्यादा तबादले

वन विभाग के फील्ड स्तर पर सबसे अधिक बदलाव DFO स्तर पर किए गए हैं।

  • अमित कंवर को मसूरी से चकराता वन प्रभाग भेजा गया।
  • वैभव कुमार सिंह को देहरादून वन प्रभाग का DFO बनाया गया।
  • नीरज कुमार को वन विकास निगम की जिम्मेदारी मिली।
  • हिमांशु बागड़ी को टिहरी वन प्रभाग भेजा गया।
  • दीपक सिंह को तराई पूर्वी वन प्रभाग सौंपा गया।
  • आशुतोष सिंह को टोंस फॉरेस्ट डिवीजन की जिम्मेदारी मिली।
  • पुनीत तोमर को तराई पश्चिमी वन प्रभाग भेजा गया।
  • जीवन मोहन को उत्तरकाशी वन प्रभाग का दायित्व सौंपा गया।

अल्मोड़ा, बदरीनाथ और केदारनाथ में नई तैनाती

नई सूची के तहत अभिमन्यु को अल्मोड़ा, आदित्य रत्न को पिथौरागढ़ और रजत सुमन को केदारनाथ फॉरेस्ट डिवीजन में तैनात किया गया है। इसके अलावा प्रणाली रमेश को बदरीनाथ फॉरेस्ट डिवीजन, प्रकाश चंद्र आर्य को बागेश्वर, देवी प्रसाद बलूनी को मसूरी वन प्रभाग, विनीत कुमार को रुद्रप्रयाग, गौरव वर्मा को लैंसडाउन तथा यश ढोबले को नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वन विभाग में हुए इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button