पंजाब

पंजाब में घने कोहरे का अलर्ट जारी, 19 जनवरी से बदलेगा मौसम; बारिश के भी आसार

पंजाब और चंडीगढ़ में कड़ाके की ठंड से लोगों को धीरे-धीरे राहत मिलने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और फिलहाल अगले सप्ताह तक शीतलहर चलने की संभावना नहीं है। हालांकि 22 जनवरी तक सुबह और रात के समय कई जिलों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आज पंजाब के अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला के कुछ इलाकों में घने कोहरे का असर देखने को मिलेगा। कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।

घने कोहरे का असर जालंधर में भी देखने को मिला, जहां देर रात विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई। डीएवी कॉलेज के पास एक कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि कार में सवार दोनों लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।

पिछले 24 घंटों के दौरान कोहरे के कारण हुए सड़क हादसों में गुजरात की एक महिला कांस्टेबल सहित छह लोगों की मौत हो चुकी है। इन घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने वाहन चालकों से धीमी गति से वाहन चलाने, फॉग लाइट का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकतम तापमान में लगभग 2.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आनंदपुर साहिब में अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव से 19 जनवरी से पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश शुरू हो सकती है। वहीं 22 और 23 जनवरी को राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद कुछ दिनों तक तापमान स्थिर रहेगा और फिर धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button