पंजाब

किसानों ने बदली आंदोलन की तारीख: अब 2 फरवरी को जाम होगा दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे


जालंधर में किसानों ने अपने प्रस्तावित आंदोलन की तारीख में बदलाव करने का फैसला लिया है। अब दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे को 2 फरवरी 2026 को जाम किया जाएगा। इससे पहले यह प्रदर्शन 30 जनवरी को आयोजित किया जाना था, लेकिन गुरु रविदास महाराज की जयंती के अवसर पर होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों और शोभा यात्राओं को ध्यान में रखते हुए किसानों ने आंदोलन की तारीख आगे बढ़ा दी है।

भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर और विभिन्न नगर पंचायतों की ओर से आयोजित एक प्रेस वार्ता में जिला प्रमुख कुलविंदर सिंह ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 29 जनवरी से 1 फरवरी तक गुरु रविदास महाराज के प्रकाश पर्व को लेकर बड़े स्तर पर धार्मिक आयोजन और शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी। ऐसे में सामाजिक सौहार्द, धार्मिक भावनाओं और भाईचारे का सम्मान करते हुए किसानों ने 30 जनवरी का कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया है।

कुलविंदर सिंह ने बताया कि यह आंदोलन क्षेत्र में स्थापित बायोगैस और सीएनजी गैस प्लांट को बंद करवाने की मांग को लेकर किया जा रहा है। किसानों का आरोप है कि प्लांट के संचालन से स्थानीय लोगों और किसानों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

पहले यह प्रदर्शन अमृतसर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर मैकडोनाल्ड रोड के पास आयोजित किया जाना था। अब संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 2 फरवरी को बड़े स्तर पर हाईवे जाम किया जाएगा, जिसमें पंजाब के 11 जिलों के किसान नेता और विभिन्न किसान जत्थेबंदियां हिस्सा लेंगी। किसान संगठनों ने सरकार से उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की अपील की है।




Related Articles

Back to top button